नवी मुंबई :- नेरुल में आयोजित भाजपा के राज्य परिषद में शिरकत करने आए केन्द्रीय भारी उद्योग मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने नवी मुंबई मनपा परिवहन की इलेक्ट्रिक बस का औपचारिक लोकार्पण किया। नवी मुंबई में वर्तमान में ऐसी 30 इलेकट्रिक बसें चलाई जाती हैं। जावड़ेकर ने नवी मुंबई मनपा द्वारा बसों के परिचालन पर खुशी जताते हुए 100 नई बसों की मांग को औपचारिक मंजूरी भी दे दी। उन्होंने कहा कि इलेकट्रिक बसें मोदी सरकार के पर्यावरण सुरक्षा अभियान के तहत देश भर में प्रदान की जा रही हैं। इससे जहां प्रदूषण थमेगा वहीं ईंधन की खपत में भारी कमी आएगी। उन्होंने कहा कि हम पैसों की बचत से अधिक पर्यावरण बचाना जरूरी है। मनपा की इन बसों में भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस समेत कई नेताओं ने मनपा मुख्यालय तक सफर किया। इस दौरान
विधायक गणेश नाईक, महापौर जयवंत सुतार समेत तमाम नगरसेवक भी मौजूद थे। वहीं महापौर जयवंत सुतार ने कहा कि नवी मुंबई एक पर्यावरण पूरक शहर है। लोकनेता गणेश नाईक के विजन के अनुसार शहर को पर्यावरण पूरक और सुरक्षित बनाना चाहते हैं इसलिए पहले 100 इलेक्ट्रिक बसों की मांग की थी
जिसमें सिर्फ 30 बसें मिली हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय
मंत्री से हमने 100 नई बसें मांगी है। उम्मीद है कि यदि
170 बसें आती हैं तो इससे नवी मुंबई को सम्पूर्ण ईको सिटी बनाने का सपना पूरा हो सकेगा। बता दें कि नयी बसों के परिचालन से मनपा परिवहन को प्रतिकिलोमीटर 31रूपयों की बचत होती है। जाहिर है इससे 20 लाख का मासिक घाटा झेल रही नवी मुंबई मनपा परिवहन को बड़ी राहत मिल सकती है।